अरे भाई जरा बच के! लिव-इन में महिला पार्टनर की असलियत जान प्रेमी के उड़े होश

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 06:18 PM (IST)

लुधियाना,  (राज): महानगर के हैबोवाल इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर के घर में न सिर्फ चोरी की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि पुलिस केस दर्ज होने पर अब वह उसकी प्राइवेट और आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रही है। आरोपी महिला अपने प्रेमी पर चोरी का मुकदमा वापस लेने के लिए लगातार दबाव बना रही है और ब्लैकमेल कर रही है। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए हैबोवाल थाने की पुलिस ने आईटी एक्ट और ब्लैकमेलिंग की संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सिल्वर सिटी, हैबोवाल कलां के रहने वाले 42 वर्षीय मनदीप सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह साल 2023 से राजवीर कौर नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। शुरुआत में सब कुछ बिल्कुल ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन साल 2025 में राजवीर कौर ने उसकी पीठ पीछे एक बड़ी साजिश रची। महिला ने मनदीप की जानकारी और सहमति के बिना घर में रखा भारी मात्रा में सोना चोरी कर लिया और मौका पाकर वहां से रफूचक्कर हो गई। इस धोखे के बाद पीड़ित मनदीप सिंह ने तुरंत थाना हैबोवाल में राजवीर कौर के खिलाफ चोरी की लिखित शिकायत दर्ज करवा दी थी। पुलिस की कानूनी कार्रवाई से बुरी तरह घबराई आरोपी राजवीर कौर ने अब बचने के लिए एक नया और खतरनाक पैंतरा अपनाया है। 

शिकायतकर्ता मनदीप सिंह का संगीन आरोप है कि राजवीर कौर और उसकी एक सहेली सरस्वती मिलकर उसे मोबाइल पर लगातार वॉइस मैसेज भेज रही हैं। इन मैसेजेस में न केवल बेहद अभद्र और गंदी शब्दावली का इस्तेमाल किया जा रहा है, बल्कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया जा रहा है। दोनों महिलाएं मनदीप पर हर हाल में चोरी का मामला वापस लेने का दबाव बना रही हैं। उन्होंने मनदीप को सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि यदि उसने पुलिस से केस वापस नहीं लिया, तो उनके पास मौजूद उसकी बेहद निजी और आपत्तिजनक तस्वीरें वे सोशल मीडिया पर पब्लिक कर देंगी और उसे समाज में कहीं भी मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ेंगी।

इस ब्लैकमेलिंग और साइबर क्राइम के मामले को देखते हुए हैबोवाल थाने की पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है। शिकायतकर्ता मनदीप सिंह के बयानों और पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला राजवीर कौर और उसकी सहेली सरस्वती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2), 62, 61(2) और 66 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत कौर ने मामले की कमान संभालते हुए गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है और पुलिस का कहना है कि ब्लैकमेल करने वाली दोनों महिलाओं को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News