कनाडा गए परिवार के पीछे बंद घर को बनाया निशाना, सबूत मिटाने के लिए कमरे में लगाई आग
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 10:08 AM (IST)
लुधियाना (राज): बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने और सबूत मिटाने के लिए कमरे में आग लगाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर चोर घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने के जेवरात, 5 लाख रुपये कैश, विदेशी करंसी, पासपोर्ट और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR भी साथ उखाड़ कर ले गए। सुखविंदरपाल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने चोर सरवन कुमार, सुशील कुमार, मोहम्मद सैफ और बिट्टू कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पूरी फैमिली कनाडा में रहती है और वह यहां अकेला रहता है। बीते 03 अगस्त को वह अपने घर को अच्छी तरह ताला लगाकर दफ्तर चला गया था। जब वह काम निपटाकर वापस घर लौटा, तो उसने देखा कि घर के अंदर बने कमरे से भारी धुआं निकल रहा था। जब उसने तुरंत अंदर जाकर चेक किया, तो उसके होश उड़ गए। घर में अलमारी के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखा सारा सामान गायब था।
पीड़ित ने जब अलमारी खंगाली, तो पता चला कि चोर अलमारी में रखा उसकी पत्नी का 5 तोले सोने के जेवरात, 2 सोने की अंगूठियां, 5 लाख रुपये नकद, 600 कैनेडियन डॉलर, 150 पाउंड, एक कीमती विदेशी घड़ी और भारत से बना उसका पासपोर्ट चुराकर ले गए हैं। शातिर चोरों ने चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत नष्ट करने की नीयत से कमरे में आग लगा दी थी, जिससे कमरे से धुआं निकल रहा था। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों को पता था कि घर में सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगे हैं। इसलिए अपनी पहचान छुपाने के लिए शातिर चोर घर में लगे कैमरों का DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना दरेसी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शिकायतकर्ता के बयानों पर चोरों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।

