Gurdaspur: ग्रामीण इलाकों में बिजली के लंबे Power Cut से लोग परेशान, कारोबार ठप्प
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 01:19 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): मौसम में अचानक बदलाव से जहां गर्मी बढ़ गई है, वहीं पावरकॉम ने भी लंबे पावर कट लगाने शुरू कर दिए हैं। जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है, खासकर गर्मी के मौसम में बिजली न होने से घर में रहना मुश्किल हो गया है। दिन हो या रात, कई-कई घंटे बिजली गायब रहती है, जिससे लोगों को पीने के पानी से लेकर रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही छोटे कारोबारियों पर भी इसका बुरा असर पड़ा है। दुकानें, वेल्डिंग वर्कशॉप, आटा चक्की और बिजली पर निर्भर दूसरे काम-धंधे लगभग ठप हो गए हैं। बिजली न होने से मशीनें बंद रहती हैं, जिससे रोज की कमाई पर भी असर पड़ता है। किसानों के लिए भी हालात चिंताजनक हैं, क्योंकि खेतों में गन्ने की फसल को सिंचाई के लिए बिजली की जरूरत होती है। लंबे कट लगने से फसलों को पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें महंगा डीजल जलाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पावर सप्लाई में सुधार किया जाए और लंबे कट कम किए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

