Ludhiana में युवक के साथ दिल दहला देने वाला हादसा, खाना बनाते समय फटा स्टोव
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 11:46 AM (IST)
लुधियान (राज): कंगनवाल इलाके में पुरानी चुंगी के पास मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक घर में खाना बनाते समय अचानक डीजल वाला स्टोव फटने से 22 वर्षीय युवक बुरी तरह झुलस गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह आग की लपटों में घिर गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में हुई है। चंदन अपने चाचा मिथुन के साथ कंगनवाल में पुरानी चुंगी के पास रहता है और उन्हीं के साथ टायर पंचर लगाने का काम करता है। मंगलवार की रात घर में रसोई गैस खत्म हो गई थी, जिसके चलते उन्होंने खाना बनाने के लिए पुराने डीजल वाले स्टोव का सहारा लिया। जैसे ही चंदन ने स्टोव जलाकर खाना बनाना शुरू किया, अचानक उसमें जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के साथ ही कमरे में आग फैल गई और पास ही खड़ा चंदन इसकी सीधी चपेट में आ गया। चंदन के चाचा मिथुन ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और गंभीर रूप से झुलसे चंदन को आनन-फानन में एक ऑटो के जरिए साहनेवाल के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद उसे तुरंत एक बड़े निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

