Ludhiana में चली गोलियां, डॉक्टर की लग्जरी कार को बनाया निशाना
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 04:26 PM (IST)
लुधियाना(राज): शहर के पॉश इलाके हरचरण नगर स्थित शिंगार सिनेमा रोड स्थित रतन अस्पताल की पार्किंग में खड़ी एक लग्जरी कार पर गोली लगी। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आनन-फानन में पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी व फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
अस्पताल के मालिक डॉ. सुबीत रतन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी गाड़ी रोजाना की तरह अस्पताल परिसर की पार्किंग में खड़ी थी। शनिवार की सुबह जब उनका ड्राइवर गाड़ी साफ करने के लिए पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए। गाड़ी का फ्रंट विंडशील्ड बुरी तरह से टूटा हुआ था। जब मामले की गहराई से जांच की गई, तो गाड़ी के ठीक पास ही एक जिंदा कारतूस का खोल बरामद हुआ, जिससे यह साफ हो गया कि यहां फायरिंग हुई है।
सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने मोर्चा संभाला और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से बरामद हुए खोल को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किस दिशा से आई और हमलावर का मकसद क्या था। शुरुआती तफ्तीश के बाद पुलिस का कहना है कि यह मामला हवाई फायरिंग का भी हो सकता है, क्योंकि डॉ. सुबीत रतन ने अपनी किसी भी पुरानी रंजिश या दुश्मनी होने से साफ इनकार किया है। पुलिस अब अस्पताल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह कोई जानबूझकर किया गया हमला था या फिर किसी की लापरवाही का नतीजा। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश में जुटी है।

