हिंसक हंगामे के बाद LPU में 10 दिन के लिए बंद, नियमित कक्षाएं व एग्जाम स्थगित

punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 12:25 AM (IST)

फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) परिसर में हुए भारी हंगामे के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कैंपस की मौजूदा स्थिति को देखते हुए 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए सभी नियमित कक्षाएं निलंबित कर दी गई हैं। इसके साथ ही आने वाले दिनों में होने वाली मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

दरअसल, रविवार देर रात LPU परिसर में छात्रों और पुलिस के बीच टकराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। इस दौरान पुलिस और मीडिया कर्मियों की गाड़ियों में तोड़फोड़ किए जाने और कुछ वाहनों को आग के हवाले किए जाने की सूचना सामने आई। वहीं, चांसलर के कार्यालय में भी आगजनी की सूचना है। LPU में बड़ी संख्या में पुलिस पहुँची हुई है। LPU में हालात खराब करने वालों का पता लगाने में छात्र पुलिस की मदद कर रहे हैं।

घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कैंपस में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है। वहीं यूनिवर्सिटी की ओर से जारी आधिकारिक संदेश में छात्रों से कहा गया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए वे माता-पिता या अभिभावकों की सहमति से अपने घर या गृह नगर जा सकते हैं।

जो छात्र कैंपस में ही रहना चाहते हैं, उन्हें अपनी सुरक्षा के मद्देनजर हॉस्टल या अपने निर्धारित आवास के भीतर रहने की हिदायत दी गई है। प्रबंधन ने छात्रों को किसी भी अवांछित गतिविधि, विरोध प्रदर्शन या अनावश्यक रूप से कैंपस में घूमने से बचने के निर्देश दिए हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News