लक्की ओबराय हत्याकांड: कातिल की पहचान के बावजूद पुलिस के हाथ खाली, कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 10:00 AM (IST)
जालंधर (मृदुल): आम आदमी पार्टी के नेता सतविंदरपाल सिंह उर्फ लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पंजाब पुलिस ने कातिल की पहचान तो कर ली है, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। इससे राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस हत्याकांड के पीछे विदेश में बैठे गैंगस्टर जोगा फोल्ड़ीवाल (जोगराज सिंह) का नाम सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया के जरिए इस कत्ल की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया है। पुलिस ने इस मामले में जोगा फोल्ड़ीवाल और उसके एक साथी के खिलाफ केस दर्ज किया है, लेकिन असली शूटर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
सनद रहे कि शुक्रवार सुबह मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारे से माथा टेकने के बाद जैसे ही लकी ओबेरॉय बाहर निकले, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में उन्हें कुल पांच गोलियां लगीं, जिनकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। डॉक्टरों ने शरीर से पांच गोलियां निकाली हैं, जबकि कुछ गोलियां अंदर ही फंसी होने की बात भी सामने आई है।
अंदरूनी साजिश की भी आशंका
जांच में चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ है कि लक्की ओबेराय का ही एक करीबी व्यक्ति इस साजिश में शामिल हो सकता है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद शमिंदर सिंह उर्फ शिंदरी, जो ओबेराय की कंपनी में ड्राइवर था, को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि इसी शख्स ने शूटर को भागने में मदद की और लक्की की मूवमैंट की जानकारी भी आरोपियों तक पहुंचाई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

