Jalandhar Murder Case: लक्की ओबरॉय के हत्यारों की CCTV फुटेज आई सामने
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 12:19 PM (IST)
जालंधर : जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारा साहिब के बाहर दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात में आम आदमी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता और थार फाइनेंस से संबंधित लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तस्वीर सामने आ गई है।
जानकारी के अनुसार लक्की ओबरॉय रोज की तरह सुबह करीब 8:15 बजे गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान बाहर घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर लगातार फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल लक्की को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार 2 संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं।

कॉलेज प्रधानगी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह खालसा कॉलेज जालंधर की प्रधानगी से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर पहले भी मतभेद चल रहे थे। इस बीच एक गैंग से जुड़े व्यक्ति जस्स भुट्टर द्वारा पोस्ट शेयर कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में कॉलेज प्रधानगी को लेकर पुराने फैसलों और विवादों का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जस्स भुट्टर ने पोस्ट शेयर कर लिखा," जब हमने खालसा कॉलेज जालंधर का प्रधान लगाया था तो सबको बता कर लगाया था। आज कुछ लोग उठकर बोलने लगे हैं कि प्रधानगी वापस ले ली जाए। खालसा कॉलेज जालंधर में शेरू ग्रुप की ओर से भाजी तजिंदर सिंह (शेरू भाजी) के होने से ही ऐसा चल रहा है। बाकी, सरदार नछत्तर सिंह बेई की ओर से यह हर साल प्रधानगी दी जाती है, सारे शेरू ग्रुप से सलाह करके प्रधान बनाया जाता है। और वह जो फेसबुक पर स्टोरी जोड़ी-फोल्डर वाली ने डाली है कि हमारा दोनों प्रधानगी से कोई लेना-देना नहीं है-मैं एक बात साफ कह दूं, वीर बुद्धू से हमारा भी कोई लेना-देना नहीं है। जोड़ी प्रधानगी पहले हुई, हर साल की तरह वही हमारे खालसा कॉलेज जालंधर की प्रधान है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट और आपसी रंजिश के एंगल पर भी पड़ताल जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

