Jalandhar में सनसनी! घर के अंदर दफन मिली लाश, इलाके में फैली दहशत

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 09:57 PM (IST)

नकोदर (पाली) : सदर पुलिस ने एक अंधे कत्ल केस की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब साढ़े चार महीने पहले हत्या कर घर में दफनाई गई लाश को बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान अमरजीत सिंह पुत्र अजमेर सिंह (45) निवासी पट्टी अकलपुर मलसियां के रूप में हुई है, जो लकड़ी का काम करता था। 

डी.एस.पी .उंकार सिंह बराड़ ने बताया कि 1 अप्रैल को अमनप्रीत सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी पट्टी अकलपुर मलसियां ने शिकायत दी कि उसका चाचा अमरजीत सिंह, जो करीब 20 साल से गुरदेव सिंह पुत्र गहल सिंह निवासी गांव पच्छाड़िया महितपुर, हाल निवासी गांव गांधरा नकोदर, के साथ काम करता था, नवंबर 2025 से घर नहीं लौटा। शक के आधार पर गुरदेव सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत थाना सदर नकोदर में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आधुनिक और तकनीकी तरीकों से आरोपी गुरदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 13 नवंबर 2025 को अमरजीत सिंह की हत्या कर दी थी और शव को ठिकाने लगाने के इरादे से अपने घर में बाथरूम के पास करीब 5-6 फुट गहरा गड्ढा खोदकर बोरे में डालकर दफना दिया था। पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट पवनदीप सिंह की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर गांव गांधीरा स्थित उसके घर में खुदाई कर शव बरामद किया। इस दौरान गांव गांधीरा और मलसियां की पंचायतें भी मौजूद रहीं। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की टीम के बोर्ड द्वारा कराया जाएगा और मृतक के डीएनए सैंपल भी लिए जाएंगे। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News