लक्की ओबराय हत्याकांड: पोस्टमार्टम में लक्की के शरीर से 5 गोलियां बरामद, घर का नौकर लापता

punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 10:48 AM (IST)

पंजाब डेस्क: जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबराय की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई अहम खुलासे हुए हैं। उनकी मौत के करीब 12 घंटे बाद सिविल अस्पताल में 3 डॉक्टरों के विशेष पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। इस मेडिकल पैनल में डॉक्टर अरोड़ा, डॉक्टर बेअंत सिंह और डॉक्टर अभिषेक शामिल थे।

पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से कुल 5 गोलियां बरामद की गईं। डॉक्टरों के अनुसार, एक गोली गले के दाहिने हिस्से में, जबकि दो गोलियां छाती में लगी थीं। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी फायर किए जाने के निशान पाए गए हैं। डॉक्टरों की टीम ने बताया कि गोलियां शरीर के काफी अंदर तक धंसी हुई थीं, जिसके कारण उन्हें निकालने में काफी समय लगा। टीम का कहना है कि शरीर पर कई स्थानों पर फायर किए जाने के निशान मिले हैं, जिनमें से कुछ गोलियां शरीर को छूकर निकल गईं, जबकि कुछ गोलियां अंदर ही फंसी रह गई थीं। मृतक का अंतिम संस्कार शनिवार को मॉडल टाउन स्थित श्मशानघाट में दोपहर 1 बजे किया जाएगा।

वहीं, इस हत्याकांड के बाद मृतक के घर का नौकर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता बताया जा रहा है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच के दायरे में लेकर पूछताछ कर रही है। उधर, पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News