Ludhiana में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, टायर नीचे आने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौ+त
punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 11:07 AM (IST)
लुधियाना (राज): सड़क पर तेज रफ्तार और अंधाधुंध ड्राइविंग के चलते एक व्यक्ति की जान चली गई। अपने स्कूटर पर सवार होकर जा रहे एक बुजुर्ग को सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का अगला टायर उनके ऊपर से निकल गया, जिसके कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया है।
पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में अमरिंदर सिंह (मृतक के बेटे) ने बताया कि 10 सितंबर को उनके पिता जगतार सिंह अपने ग्रे रंग के बजाज चेतक स्कूटर पर सवार होकर किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। जैसे ही वे अपने गांव से करीब 1 किलोमीटर आगे मेन रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक हरियाणा नंबर ट्रक के चालक पाल सिंह ने अपने वाहन को बेहद तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से चलाते हुए सीधे उनके पिता के स्कूटर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुजुर्ग जगतार सिंह स्कूटर सहित अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि वे खुद को संभाल पाते, अनियंत्रित ट्रक का अगला भारी-भरकम टायर उनके ऊपर से गुजर गया।गंभीर रूप से कुचले जाने और ज्यादा खून बह जाने के कारण जगतार सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और चीख-पुकार मच गई।|
हादसे की सूचना तुरंत संबंधित पुलिस थाने को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक पाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी चालक पाल सिंह को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

