हैबोवाल में दिनदहाड़े वारदात: पैर छूकर लिया महिला से आशीर्वाद और कैमरे में कैद हो गई पूरी घटना

punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 04:10 PM (IST)

लुधियाना (राज): संस्कार और सम्मान की आड़ में छिपे हैवानों ने हैबोवाल इलाके में एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। संत विहार, राजन एस्टेट में दिनदहाड़े बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला कमलेश रानी को अपना निशाना बनाया। 

वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल
बदमाशों की बेशर्मी का आलम यह था कि उन्होंने पहले बुजुर्ग महिला के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और जैसे ही महिला उनकी बात सुनने के लिए पास आई, आरोपी उनके कानों से सोने की बालियां झपटकर रफूचक्कर हो गए। इस झपटमारी के दौरान बुजुर्ग महिला के कान बुरी तरह जख्मी हो गए हैं और इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, कमलेश रानी अपनी गली में कुर्सी पर बैठी थीं, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक वहां काफी देर तक रेकी करते रहे। कुछ देर बाद वे महिला के पास रुके और नाटक करते हुए उनके पैर छुए। झपटमारों ने महिला से किसी का पता पूछने का बहाना बनाया। 

सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई घटना 
चूंकि बुजुर्ग महिला को थोड़ा कम सुनाई देता था, इसलिए वह उनकी बात समझने के लिए जैसे ही उनके करीब गईं, एक बदमाश ने बिजली की फुर्ती से उनके कानों से करीब 8 ग्राम की सोने की बालियां खींच लीं। लहूलुहान हालत में बुजुर्ग महिला ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचाया और आरोपियों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन शातिर लुटेरे अपनी बाइक पर सवार होकर पलक झपकते ही गलियों में गायब हो गए। यह पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक चलाने वाले आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे दूसरे बदमाश ने सफेद रंग की टोपी पहनी हुई थी। बताया जा रहा है कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक की नंबर प्लेट भी टूटी हुई थी।  फिलहाल, हैबोवाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुलिए और बाइक के सुराग जुटा रही है ताकि इन "आशीर्वाद लेने वाले" लुटेरों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News