क्रिकेट खेलने से रोका तो घर में घुसकर बरपाया कहर, युवक को बेरहमी से पीटा

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 09:14 AM (IST)

लुधियाना(राज): शहर में मामूली विवाद किस कदर खूनी संघर्ष में बदल जाते हैं, इसकी एक ताजा मिसाल तब देखने को मिली जब घर के बाहर क्रिकेट खेल रहे युवकों को टोकना एक व्यक्ति के लिए भारी पड़ गया। हमलावरों ने न केवल घर में घुसकर पीड़ित के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि इस अफरा-तफरी में पीड़ित के गले में पहनी सोने की चेन भी कहीं गायब हो गई। 

घर के बाहर कुछ युवक खेल रहे थे क्रिकेट 
फिलहाल घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में थाना जोधेवाल की पुलिस ने राजिंदर की शिकायत पर आरोपी चैरी, भरत, अनीता, नीतू और अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 11 मई को वह अपने घर में बैठा हुआ था। इसी दौरान घर के बाहर कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। खेल-खेल में अचानक उनकी क्रिकेट बॉल सीधे उसके घर के अंदर आ गई, जो उसके सिर पर लगने ही वाली थी। 

जब पीड़ित ने इस पर आपत्ति जताई और दोबारा गेंद वापस देने से मना करते हुए उन्हें वहां खेलने से रोका, तो आरोपी आगबबूला हो गए। देखते ही देखते आरोपियों ने घर के अंदर घुसकर उस पर हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। पीड़ित ने बताया कि मारपीट के दौरान उसके गले में पहनी हुई सोने की चेन भी कहीं गिर गई। घटना के बाद घायल को तुरंत सीएमसी (CMC) अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News