Ludhiana के Posh इलाके में बदमाशों ने युवती का रास्ता रोक किया कांड
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 09:03 AM (IST)
लुधियाना(राज): शहर के पॉश इलाकों में भी अब लोग सुरक्षित नहीं रहे हैं। झपटमारों ने अब पार्कों के बाहर टहलने वाली युवतियों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवती का रास्ता रोककर उससे आई-पैड, नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इस मामले में थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है
मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने मारा झपट्टा
पुलिस को दी गई शिकायत में सुनील कुमार ने बताया कि यह वारदात 12 मई की शाम करीब 7:35 बजे हुई। उनकी भांजी पलक सैर करने के लिए रंगीला चिल्ड्रन पार्क के सामने पहुंची ही थी कि तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक आए। लुटेरों ने पलक को संभलने का मौका तक नहीं दिया और झपट्टा मारकर उसके हाथ से बैग छीन लिया।
पीड़ित के अनुसार, छीने गए बैग में एक कीमती आई-पैड (I-PAD), एक छोटा पर्स जिसमें करीब 1,000 रुपये की नकदी थी और कॉलेज का आई-कार्ड सहित अन्य जरूरी सामान मौजूद था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी तेज रफ्तार बाइक पर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने सुनील कुमार के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बाइक सवार इन झपटमारों की पहचान कर उन्हें दबोचा जा सके।

