सिविल अस्पताल बना अखाड़ा: मामूली विवाद में युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, इमरजेंसी वार्ड में मचा हड़कंप
punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 09:42 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में कानून व्यवस्था का जनाजा इस कदर निकल चुका है कि अब अपराधियों के दिलों से पुलिस और कानून का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। स्थानीय सिविल अस्पताल में गाड़ी खड़ी करने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ एक विवाद देखते ही देखते ऐसे खूनी संघर्ष में बदल गया, हमलावरों के हौसले इतने ज्यादा बुलंद थे कि उन्होंने न सिर्फ एक युवक को उसके घर के बाहर निशाना बनाया, बल्कि जब लहूलुहान हालत में पीड़ित परिवार इंसाफ और इलाज के लिए सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचा, तो वहां भी गुंडों ने सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के सामने ही पीड़ित को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
फैक्ट्री मालिक के साथ हुई थी कहासुनी
इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात की शुरुआत गिल चौक के पास से हुई। पीड़ित राजीव, जो कि एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर काम करता है, उसकी मां बलबीर कौर ने रोते हुए इस खौफनाक मंजर की कहानी बयां की। बलबीर कौर के मुताबिक, बुधवार शाम को वे अपने घर पर मौजूद थीं कि तभी गिल चौक के नजदीक उनके घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोस के ही एक फैक्ट्री मालिक के साथ उनकी कहासुनी हो गई। पीड़ित की मां ने फैक्ट्री वालों के आगे हाथ भी जोड़े कि उनका बेटा अभी घर पर नहीं है और जैसे ही वह आएगा, गाड़ी को तुरंत साइड कर दिया जाएगा। लेकिन घमंड में चूर फैक्ट्री वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां बकने लगे। इसी बीच जैसे ही राजीव घर पहुंचा, फैक्ट्री वालों ने तैश में आकर आव देखा न ताव और हथियारों से लैस होकर उस पर जानलेवा हमला बोल दिया। घर के पास हुई इस खूनी मारपीट में राजीव बुरी तरह जख्मी हो गया। बदहवास परिवार उसे आनन-फानन में मेडिकल जांच और इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर भागा, लेकिन आरोपी पक्ष का खून अभी शांत नहीं हुआ था। वे भी पीछा करते हुए सिविल अस्पताल के भीतर धमक गए। फिर क्या था, अस्पताल के अंदर ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने हो गए और देखते ही देखते अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड किसी कुरुक्षेत्र के मैदान में तब्दील हो गया। हमलावरों ने पूरी तरह हैवानियत की हदें पार कर दीं और युवक को लात घूसों से पीटना शुरू कर दिया।
वारदात का एक लाइव वीडियो भी आया सामने
इस पूरी खौफनाक वारदात का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि 5 से 6 हमलावर राजीव पर भेड़ियों की तरह टूट पड़े हैं। उन्होंने राजीव को अस्पताल के फर्श पर गिरा दिया और उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। हमलावर इस कदर अंधाधुंध मारपीट कर रहे थे कि उन्होंने सरेआम अस्पताल के भीतर ही पीड़ित की कमीज और बनियान तक फाड़ डाली और उसे अर्धनग्न कर दिया। इमरजेंसी वार्ड में मौजूद डॉक्टर और नर्सें इस गुंडागर्दी को देखकर अपनी जान बचाने के लिए सहम गए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मचने के बाद तुरंत पुलिस को फोन घुमाया गया। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 के एसएचओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

