पलक झपकते ही वारदात! लुधियाना में Couple से स्नैचिंग, बाइक सवार बदमाशों ने छीने सोने के जेवर
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 09:25 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में बेखौफ घूम रहे बाइक सवार स्नैचरों ने एक और महिला को अपना शिकार बना लिया। घर का सामान खरीदकर पैदल वापस लौट रहे पति-पत्नी को निशाना बनाते हुए तेज रफ्तार बाइक सवार दो अज्ञात झपटमारों ने महिला के हाथ से सोने के जेवरात और नकदी से भरा पर्स छीन लिया और फरार हो गए। गुलशन डुमरा की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 14 अगस्त को वह अपनी पत्नी कंचन अरोड़ा के साथ घर के नजदीकी बाजार से कुछ घरेलू सामान खरीदने के लिए पैदल गए थे। खरीदारी करने के बाद जब वे दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे, तो जैसे ही वे डॉक्टर विनोद कपूर के क्लिनिक के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक बेहद तेज रफ्तार में आए।
हाथ से पर्स छीनकर पलक झपकते ही हुए फरार
पीड़ित के अनुसार, छीने गए पर्स में सोने के कीमती जेवरात और करीब 2,000 रुपये की नकदी मौजूद थी। अचानक हुए इस हमले से महिला सहम गई और जब तक दंपति शोर मचाते, आरोपी बाइक भगाकर गलियों से होते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए। वारदात के बाद पीड़ित दंपति ने तुरंत संबंधित थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टर विनोद कपूर के क्लिनिक और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की बाइक का नंबर और पहचान ट्रेस की जा सके।

