Ludhiana में फैक्ट्री मालिक की तेजधार हथियारों से ह+त्या, खौफनाक मंजर देख उड़े होश
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 03:54 PM (IST)
लुधियाना, (राज): हैबोवाल के अंतर्गत आते हरगोबिंद नगर इलाके में शुक्रवार रात शराब पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करने वाले 40 वर्षीय फैक्ट्री मालिक जतिंदर राजपूत की उसके ही दोस्त ने तेजधार हथियार से गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
कपड़ों की प्रिंटिंग करने वाले जतिंदर राजपूत की गर्दन पर मिले गहरे जख्म
जानकारी के अनुसार, मृतक जतिंदर राजपूत हरगोबिंद नगर में कपड़े प्रिंटिंग की फैक्ट्री चलाता था। शुक्रवार की रात वह अपनी ही फैक्ट्री में अपने दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर जतिंदर और उसके एक दोस्त के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी दोस्त ने तैश में आकर अपने पास मौजूद तेजधार हथियार से जतिंदर के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल जतिंदर ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। वारदात का खुलासा शनिवार सुबह हुआ। मामले की जानकारी देते हुए थाना हैबोवाल के एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 9:30 बजे घटना की सूचना मिली थी।
आरोपी की पहचान कर छापेमारी में जुटी पुलिस
सुबह जब मृतक का भाई किसी काम के सिलसिले में फैक्ट्री पहुंचा, तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। जतिंदर की गर्दन से भारी मात्रा में खून बह चुका था और वह मृत अवस्था में पड़ा था। भाई ने तुरंत पुलिस को इस संबंध में सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए। एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी दोस्त की पहचान कर ली है और उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस पार्टियां रवाना कर दी गई हैं। घटना के बाद से ही आरोपी का मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। विवाद के मुख्य कारणों की तह तक जाने के लिए पार्टी में मौजूद अन्य लोगों व परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

