Ludhiana: अस्पताल बंद करवाने की धमकी और 25 लाख की मांगी फिरौती, डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज
punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 09:46 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर के एक डॉक्टर द्वारा साथी डॉक्टरों को जान से मारने की धमकियां देने और लाखों की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया। थाना डिविजन नंबर 8 की पुलिस ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी डॉक्टर होशियारपुर का मनु भार्गव है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई अरोड़ा न्यूरो सेंटर हॉस्पिटल की डॉक्टर नीलम अरोड़ा द्वारा दी गई शिकायत के आधार की है। आरोप है कि डॉक्टर भार्गव ने डॉक्टर नीलम अरोड़ा और डॉक्टर निहारिका अरोड़ा को काम से निकालने के बदले में 25 लाख रुपये की 'एक्सटॉर्शन मनी' की मांग की थी। पीड़ित डॉक्टर का आरोप है कि आरोपी डॉक्टर ने केवल पैसों की मांग ही नहीं की, बल्कि पैसे न देने की सूरत में अस्पताल बंद करवाने और उन्हें जान से मारने की सीधी धमकियां भी दीं।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि आरोपी लगातार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और धमकियां दे रहा था। डॉक्टरों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती पड़ताल के बाद आरोपों में सच्चाई पाए जाने पर मामला दर्ज कर लिया गया है और अब अगली कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

