लुधियाना की मेयर के पीछे-पीछे दौड़ा युवक, दिल्ली स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा कैमरे में कैद, पढ़ें पूरा मामला

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 02:18 PM (IST)

लुधियाना : लुधियाना की मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर और उनके पति रवि आनंद उर्फ लक्की से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली रेलवे स्टेशन का है, जहां एक युवक ने मेयर और उनके पति का पीछा करते हुए उनका वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो सामने आने के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके चलते मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।

वीडियो बनाने वाले युवक जोगिंदर सिंह का दावा है कि मेयर उसके रिश्तेदार हैं। उसका कहना है कि कई वर्ष पहले उसके परिवार ने दोराहा में मकान खरीदने के उद्देश्य से करीब 12.50 लाख रुपये मेयर के परिवार के खाते में ट्रांसफर किए थे। आरोप है कि न तो उन्हें मकान दिलाया गया और न ही रकम वापस की गई। जोगिंदर का कहना है कि वह पिछले कई वर्षों से अपनी राशि वापस मांग रहा है, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया।

जोगिंदर के अनुसार रविवार को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अचानक उसकी मुलाकात मेयर और उनके पति से हो गई। उसने पूरी बातचीत का रिकॉर्ड रखने के लिए वीडियो बनाना शुरू कर दिया। उसका आरोप है कि जब उसने अपने पैसों का जिक्र किया तो मेयर के पति रवि आनंद नाराज हो गए और उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। उसने यह भी दावा किया कि उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।

वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि मेयर और उनके पति रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर के पास मौजूद हैं। इसी दौरान युवक कुछ दूरी से वीडियो रिकॉर्ड करता है और बाद में उनके पीछे-पीछे स्टेशन के बाहर तक पहुंच जाता है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच बहस होती नजर आती है, जबकि मेयर के पति युवक को वीडियो बनाने से रोकने का प्रयास करते दिखाई देते हैं।

दूसरी ओर, मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर ने युवक के सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि जोगिंदर सिंह से उनका कोई पारिवारिक संबंध नहीं है और वह झूठे दावे कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति काफी समय से फोन कॉल, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें परेशान कर रहा है तथा ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है।

मेयर का कहना है कि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी युवक अचानक उनके पीछे दौड़ता हुआ आया, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका हुई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस और लुधियाना पुलिस को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। उनका कहना है कि कानून अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच करेगा और सच्चाई सामने आ जाएगी।

फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं। पुलिस शिकायतों और उपलब्ध वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और विवाद की वास्तविक वजह क्या है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News