Ludhiana में मेयर के पति पर अश्लील मैसेज के आरोप, ऑडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 12:31 AM (IST)
लुधियाना: शहर की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में उस समय हड़कंप मच गया जब लुधियाना की मेयर इंद्रजीत कौर के पति रवि आनंद लक्की से जुड़ा एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल हो गया। इस ऑडियो में एक महिला प्रिंसिपल के साथ उनकी बातचीत सामने आने का दावा किया जा रहा है, जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें सुनाई दे रही हैं।
वायरल ऑडियो के मुताबिक, आरोपी व्यक्ति महिला से उसकी फोटो भेजने की मांग करता हुआ सुनाई दे रहा है। वहीं महिला बार-बार इस बात से इनकार करती है और कहती है कि वह कोई तस्वीर साझा नहीं कर सकती, लेकिन फोन पर बातचीत की बात करती है।
दरअसल यह मामला तब और गंभीर हो गया जब हाल ही में महिला टीचर ने सार्वजनिक रूप से सामने आकर मेयर के पति पर गंभीर आरोप लगाए। महिला का कहना था कि आरोपी उसे लगातार मैसेज करता था और बार-बार उसकी निजी तस्वीरें भेजने के लिए दबाव बनाता है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने इन मांगों को ठुकराया, तो उसे धमकियां दी गईं। इसके बाद यह मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा और अब कथित ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है।
प्रिंसिपल ने खुलकर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी उसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर मैसेज करता था, उसकी फोटो मांगता था और उसे बाहर घूमने के लिए भी कहता था। इस पूरे घटनाक्रम ने शहर में चर्चा और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

