Ludhiana: पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक से मनचलो में मची खलबली, 24 पर हुआ सख्त Action
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 04:37 PM (IST)
लुधियाना (राज): पुलिस ने शहर के शैक्षणिक संस्थानों के बाहर माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक' शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आज सिविल लाइन्स स्थित 'खालसा कॉलेज फॉर वूमेन' के बाहर एडीसीपी (ट्रैफिक) गुरप्रीत कौर पुरेवाल की अगुवाई में पुलिस की विशेष टीमों ने घेराबंदी कर जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया।

इस अचानक हुई कार्रवाई से कॉलेज के बाहर बिना वजह गेड़ियां मारने वाले हुड़दंगियों और मनचलों में हड़कंप मच गया। पुलिस की इस विशेष मुहिम का मुख्य मकसद छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कॉलेज के शांत माहौल को भंग करने वाले तत्वों पर नकेल कसना था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन बाइक सवारों को खास तौर पर निशाने पर लिया, जिन्होंने अपनी मोटरसाइकिलों में मोडिफाइड साइलेंसर लगवाए हुए हैं और सड़कों पर 'पटाखे' फोड़कर दहशत फैलाते हैं।

पुलिस ने मौके पर ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के 24 चालान काटकर उन्हें कड़ा सबक सिखाया। इसके साथ ही कॉलेज के बाहर बिना किसी ठोस वजह के खड़े होकर छात्राओं को परेशान करने वाले संदिग्ध युवकों को कड़ी चेतावनी देकर वहां से खदेड़ा गया। मौके पर मौजूद एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य शिक्षण संस्थानों के बाहर भी इसी तरह की अचानक चेकिंग जारी रहेगी ताकि बेटियां निडर होकर अपनी पढ़ाई कर सकें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

