Ludhiana में ATM पर बदमाशों का धावा! शटर तोड़कर Cash Machine लूटने की कोशिश

punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 11:50 AM (IST)

लुधियाना (राज): बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम का शटर तोड़कर अंदर लगी कैश मशीन को तोड़ने और चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है। देर रात दो शातिर बदमाशों ने एटीएम बूथ को निशाना बनाते हुए मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायतकर्ता की पड़ताल और पुलिस जांच के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता संतोष कुमार ने बताया कि उनकी बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के बाहर एक एटीएम मशीन लगी हुई है। बीते 5 अगस्त को शाम करीब 7:00 बजे वह रोजाना की तरह एटीएम का शटर बंद कर उस पर ताला  लगाकर गए थे। तड़के करीब 3:30 बजे दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और उन्होंने एटीएम का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद आरोपियों ने नकदी निकालने की नीयत से एटीएम मशीन को तोड़ने का प्रयास किया और काफी तोड़फोड़ की। घटना के बाद जब आसपास लगे कैमरों और अपने स्तर पर पड़ताल की गई, तो एटीएम का शटर और मशीन तोड़ने की इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों की पहचान मनजीत सिंह और राजपाल सिंह के रूप में हुई।

संतोष कुमार के बयानों के आधार पर थाना सराभा नगर की पुलिस ने नामजद आरोपियों मनजीत सिंह और राजपाल सिंह के खिलाफ चोरी के प्रयास और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News