लुधियाना में घर में सेंध, सोते परिवार को बाहर से बंद कर लाखों के गहने ले उड़े चोर
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 09:19 AM (IST)
लुधियाना, (राज): महानगर में बेखौफ चोरों द्वारा रात के समय एक घर में सेंधमारी कर लाखों रुपये कीमत के सोने और चांदी के कीमती जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है।
शातिर चोरों ने पहले उस कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी जिसमें परिवार सो रहा था, फिर स्टोर रूम की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर रखी अलमारी से गहने समेट कर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित निर्मल सिंह की शिकायत पर सथाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने का मुकद्दमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 23 अगस्त की रात वह अपने पूरे परिवार सहित खाना खाकर बेडरूम में सोने चला गया था। अगली सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे, तो उन्होंने देखा कि उनके बेडरूम का दरवाजा बाहर से बंद था। परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद दरवाजा उखाड़कर बाहर कदम रखा। कमरे से बाहर आकर जब परिजनों ने घर की जांच की, तो उनके होश उड़ गए।
चोरों ने घर के पिछले हिस्से में स्थित स्टोर रूम की खिड़की की लोहे की ग्रिल को औजारों से तोड़कर अंदर घुसने का रास्ता बनाया था। चोरों ने स्टोर रूम में रखी अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने अलमारी से 1 सोने की चेन, सोने के कांटे, 1 सोने की अंगूठी और चांदी की झांझरें चोरी कर लीं और रात के अंधेरे में फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके और चोरी का सामान बरामद किया जाए।

