लुधियाना की नई सब्जी मंडी में पार्किंग विवाद: तय शुल्क से ज्यादा वसूली के आरोप, FB  Live से गर्माया मामला

punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 02:14 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन): शहर की नई सब्जी मंडी में पार्किंग व्यवस्था एक बार फिर विवादों में घिर गई है। पार्किंग ठेकेदार द्वारा ठेका छोड़ने के बाद जिम्मेदारी मार्केट कमेटी के पास आई, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया और अब अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं।

कुमार गौरव के FB  Live से गर्माया मामला 
मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में लोग एक्टिवा, कार, ट्रक, रिक्शा और ई-रिक्शा के जरिए पहुंचते हैं। यहां थोक व्यापारी, परचून दुकानदार और आम ग्राहक बड़ी तादाद में आते हैं, ऐसे में पार्किंग व्यवस्था का पारदर्शी और सुव्यवस्थित होना बेहद जरूरी है। इसी बीच, कुमार गौरव द्वारा फेसबुक पर किए गए लाइव वीडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया है। वायरल वीडियो में आरोप लगाया गया है कि मौके पर तय दरों से अधिक शुल्क वसूला जा रहा है।

निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
खासतौर पर ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित 25 रुपये की बजाय 50 रुपये तक वसूले जाने की बात सामने आई है। अन्य वाहन चालकों ने भी ज्यादा पैसे लिए जाने की शिकायत की है, जिससे आम लोगों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्केट कमेटी के अधीन होने के बावजूद मनमानी वसूली पर रोक नहीं लग पाई है। कई मामलों में सही रसीद तक नहीं दी जा रही, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पार्किंग शुल्क केवल निर्धारित दरों के अनुसार ही वसूला जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News