स्वतंत्रता दिवस से पहले लुधियाना में सुरक्षा कड़ी, ADGP ने संभाली कमान
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 06:02 PM (IST)
लुधियाना(राज): आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए पंजाब पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ए.डी.जी.पी. सिक्योरिटी) कौस्तुभ शर्मा ने लुधियाना का दौरा किया और जिलेभर में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा और पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
ए.डी.जी.पी. ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के मद्देनजर अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कई रणनीतिक दौरों और उच्च स्तरीय बैठकों की अध्यक्षता की। ए.डी.जी.पी. कौस्तुभ शर्मा ने अपने दौरे की शुरुआत चंडीगढ़-लुधियाना हाईवे स्थित कटानी कलां के स्टैटिक नाके पर अचानक निरीक्षण से की। कमिश्नरेट की सीमा का मुख्य प्रवेश द्वार होने के कारण यहां वाहनों की चेकिंग और सीमावर्ती निगरानी प्रणाली को बारीकी से जांचा गया।
इसके बाद ए.डी.जी.पी. ने थाना जमालपुर का दौरा किया। वहां उन्होंने स्टेशन के जवानों और अधिकारियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जमीनी टीमों को सतर्कता बरतने, त्वरित प्रतिक्रिया और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए पुलिस लाइंस, लुधियाना में कमिश्नरेट के सभी गजटेड अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस बल की तैनाती, संभावित खतरों से निपटने के उपायों और शहर में ट्रैफिक प्रबंधन योजना की समीक्षा की गई।
पुलिस अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी का दौरा किया, जहां स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होना है। ए.डी.जी.पी. ने आयोजन स्थल के प्रवेश-निकास द्वारों, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग जोन और बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश जारी किए।
पंजाब पुलिस सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध : ए.डी.जी.पी.
प्रेस से बातचीत करते हुए ए.डी.जी.पी. (सिक्योरिटी) कौस्तुभ शर्मा ने कहा कि पंजाब पुलिस स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आज एंट्री पॉइंट्स, थानों और मुख्य आयोजन स्थल में किए गए निरीक्षण से पुलिस की उच्च स्तरीय तैयारी स्पष्ट है। सभी संवेदनशील बिंदुओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने मीडिया को बताया कि ए.डी.जी.पी. के मार्गदर्शन में लुधियाना पुलिस ने बड़े पैमाने पर तकनीक-आधारित निगरानी और 24 घंटे गश्त शुरू कर दी है। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि लोग बिना किसी भय के स्वतंत्रता दिवस मना सकें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

