NH-44 चालान विवाद: ट्रैफिक पुलिस ने 1000 रुपए वसूली के आरोपों को बताया बेबुनियाद
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 05:32 PM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन): NH-44 पर वायरल वीडियो के बाद सामने आए चालान विवाद पर ट्रैफिक पुलिस ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। नाके पर तैनात इंचार्ज नीलकंठ ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ओवरस्पीडिंग का चालान निर्धारित रूप से 1000 रुपए का ही होता है और 3000 रुपए मांगने का सवाल ही नहीं उठता।
मास्क पहनने को लेकर उठे सवाल
उन्होंने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उनके अनुसार, यदि मौके पर किसी तरह की अवैध वसूली की जाती, तो उसी समय इसका स्पष्ट वीडियो सामने आ सकता था। मास्क पहनने को लेकर उठे सवालों पर नीलकंठ ने बताया कि उनके मुंह में छाले थे और मेडिकल कारणों के चलते उन्होंने मास्क लगाया हुआ था। इसके अलावा प्रदूषण के कारण सांस लेने में दिक्कत होने की वजह से भी मास्क पहनना जरूरी था।
मामले की जांच जारी
वहीं, ACP ट्रैफिक जतिन बंसल ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयानों को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी के पास कोई ठोस सबूत है तो वह ईमेल के माध्यम से पुलिस को भेज सकता है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

