भुल्लर के इस्तीफे पर गरमाई सियासत, मजीठिया का तंज—विपक्षी नेता होता तो अब तक हो चुकी होती गिरफ्तारी
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 01:27 PM (IST)
अमृतसर/तरनतारन : अमृतसर के वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के DM डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा के दुर्भाग्यपूर्ण सुसाइड मामले में सियासत गरमा गई है। अकाली दल के सीनियर लीडर बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। मजीठिया ने आरोप लगाया कि सरकार अपने मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को बचाने के लिए झूठ का सहारा ले रही है और पंजाब की जनता और विपक्ष और नेताओं को बेवकूफ बना रही है। मजीठिया ने कहा कि पीड़ित परिवार ने पहले ही 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि अगर लालजीत भुल्लर को अरेस्ट नहीं किया गया तो वे कोई भी सख्त कदम उठा सकते हैं।
कानून के दोहरे मापदंड
उन्होंने कहा कि अगर भुल्लर की जगह कोई विपक्ष का नेता होता तो अब तक हजारों पुलिसवाले उसे अरेस्ट करने पहुंच गए होते। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी के लिए अन्य और AAP के मंत्रियों के लिए और कानून चल रहा है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान और केजरीवाल इतने गिर चुके हैं कि गगनदीप सिंह के मरने से पहले दिए बयान के बावजूद पुलिस कार्रवाई करने से गुरेज कर रही है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस्तीफे को 'झूठ' बताया
मजीठिया ने दावा किया कि भुल्लर का इस्तीफा लेने की सरकार की बात सिर्फ झूठ है। उनके मुताबिक, अभी तक गवर्नर साहिब को कोई जानकारी नहीं भेजी गई है, अगर मुख्यमंत्री किसी का इस्तीफा लेते हैं तो उसे गवर्नर साहिब को भेजा जाता है और फिर मंजूर कर लिया जाता है। उन्होंने मांग की कि मंत्री सिर्फ इस्तीफा न दें बल्कि उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाए।
बिक्रम मजीठिया ने भगवंत मान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री भगवंत मान केजरीवाल के 'ड्राइवर' बनकर गुजरात में 4 दिन के दौरे पर गए। जबकि उन्हें पंजाब की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि लालजीत सिंह भुल्लर आज भी मंत्री हैं। मजीठिया ने एसडीएम बाघा पुराना बबनदीप सिंह वालिया के लेटर और डॉ. रंधावा के मामले का हवाला देते हुए कहा कि अफसरशाही को डराकर गलत काम करवाए जा रहे हैं। बिक्रम मजीठिया ने पंजाबियों से इस बदमाशी के खिलाफ एकजुट होने की अपील की ताकि डॉ. रंधावा के परिवार को न्याय मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

