ट्रिप प्लान करने से पहले रुकिए! 5 सहेलियों को लगा बड़ा झटका, गूगल पर दिखी साइट ने देखें कैसे उड़ाए लाखों
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 12:55 PM (IST)
जालंधर : जालंधर की पांच महिला मित्र—जिनकी उम्र 40 से 55 साल के बीच है—हर साल साथ घूमने की प्लान करती हैं। दोस्ती ऐसी कि ट्रिप का फैसला होता है तो कोई पीछे नहीं रहती। इस बार किटी पार्टी के दौरान बातचीत में छुट्टियों का प्लान बना और मंज़िल तय हुई—गोवा। मस्ती, समंदर और लग्ज़री होटल की तस्वीरें दिमाग में थीं, लेकिन एक ऑनलाइन ठगी ने सारी खुशियां पल भर में मिटा दीं।
ट्रिप की तैयारी के दौरान एक सहेली को इंटरनेट पर “गोवा डॉट मस्ती” नाम की वेबसाइट मिली। वेबसाइट पर महंगे रिसॉर्ट्स, शानदार फोटो और सीमित समय का ऑफर दिखाया गया था। कॉल करने पर सामने वाले ने खुद को ट्रैवल एजेंट बताया और 6 लाख के पैकेज को 4 लाख में देने का झांसा दिया। पांच रात का स्टे, तीन वक्त का खाना, लोकल ट्रैवल और वाटर एक्टिविटीज—सब कुछ शामिल बताया गया।
आकर्षक डील के झांसे में आकर सहेलियों ने रकम ट्रांसफर कर दी। कुछ ही देर बाद व्हाट्सऐप पर ई-टिकट और होटल वाउचर भेजे गए, जिससे भरोसा और पक्का हो गया। छुट्टियों के उत्साह में उन्होंने करीब दो लाख रुपये की शॉपिंग भी कर ली।
लेकिन उड़ान से ठीक पहले जब टिकट वेरिफाई किए गए, तो सच्चाई सामने आ गई। न तो फ्लाइट में कोई बुकिंग थी और न ही होटल में उनके नाम का रिकॉर्ड। जिस नंबर से बातचीत हुई थी, वह बंद मिला। तब समझ आया कि वे एक फर्जी वेबसाइट के जाल में फंस चुकी हैं।
परिवार को जब पूरा मामला बताया गया तो नाराज़गी और चिंता दोनों सामने आईं। एक महिला ने कहा, “पैसे का नुकसान तो अलग बात है, लेकिन जिस भरोसे से हमने बुकिंग की थी, वही सबसे बड़ा झटका है।” अब पीड़ित महिलाएं साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं और लोगों से अपील कर रही हैं कि ऑनलाइन ट्रैवल ऑफर पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

