Jalandhar : मछली मार्केट में ऑटो चालक को घेरकर छीनी नकदी, CCTV में दिखी पूरी वारदात
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 01:49 PM (IST)
जालंधर : जालंधर में थाना बस्ती बावा खेल इलाके की मछली मार्केट उस वक्त दहशत में आ गई जब एक ऑटो चालक से सरेआम पैसे छीन लिए गए। आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर ऑटो चालक को घेरा और उसके वाहन में रखी नकदी जबरन निकाल ली।
पीड़ित ऑटो चालक बिट्टू का कहना है कि गुरुवार को काम के दौरान एक ठेकेदार और उसके साथ मौजूद लोगों ने उसे रोका। देखते ही देखते आरोपियों ने ऑटो के कैश बॉक्स से करीब 8,500 रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार वह विरोध करता रहा, लेकिन संख्या अधिक होने के कारण वह खुद को बचा नहीं सका।

घटना की जानकारी मिलते ही पीसीआर ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस को जांच में पता चला है कि घटना स्थल के पास लगे कैमरों में पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है। इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मछली मार्केट में काम करने वाले बाहरी राज्यों से आए मजदूर बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। ऑटो का नंबर और अन्य जरूरी जानकारियां भी रिकॉर्ड में शामिल कर ली गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

