Jalandhar के DC ने जारी किया SIR कंप्लेंट हेल्पलाइन नंबर, आप भी कर लें Note

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 01:39 PM (IST)

जालंधर (पुनीत): मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) अभियान के दौरान नागरिकों की सुविधा और शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए जिला एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर शिकायत निवारण सेल स्थापित किए हैं। इसके साथ ही मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हैल्पलाइन नंबर 1950 भी सक्रिय किया गया है, जिस पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी वरजीत वालिया ने बताया कि शिकायत निवारण व्यवस्था का उद्देश्य एस.आई.आर. अभियान को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू ढंग से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को सर्वेक्षण, इन्यूमरेशन फॉर्म, दस्तावेजों या अन्य किसी प्रक्रिया संबंधी जानकारी की आवश्यकता हो तो वह हैल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी नागरिक को एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान कोई शिकायत दर्ज करवानी हो तो वह जिला स्तर पर स्थापित शिकायत निवारण सेल में अपनी शिकायत भेज सकता है।

वालिया ने बताया कि इन शिकायत निवारण केंद्रों में शिकायतों के शीघ्र निपटारे के लिए पर्याप्त स्टाफ तैनात किया गया है ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि एस.आई.आर. के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जा रहा है, जो 24 जुलाई तक जारी रहेगा। प्राप्त फॉर्मों के आधार पर 3 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 3 अगस्त से 2 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 1 अक्तूबर को प्रकाशित होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एस.आई.आर.का उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिक सटीक, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News