जालंधर के वार्ड नंबर 25 में Tubewell Operator की लापरवाही से पानी को तरसे लोग
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 01:18 PM (IST)
जालंधर: शहर के वार्ड नंबर-25 स्थित एस.डी. कॉलेज रोड और आसपास के इलाकों में पिछले 36 घंटे से पेयजल सप्लाई ठप्प होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी न मिलने के कारण स्थानीय निवासी पीने के पानी से लेकर दैनिक जरूरतों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित ट्यूबवेल ऑपरेटर छुट्टी पर था, लेकिन उसकी गैर-मौजूदगी में किसी अन्य कर्मचारी ने ट्यूबवेल चालू नहीं किया। इसी लापरवाही के कारण पूरे इलाके की जलापूर्ति बाधित रही और लोग भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान होते रहे।
निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समय पर समाधान नहीं किया गया। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। इलाका वासियों ने नगर निगम जालंधर से मांग की है कि पेयजल आपूर्ति तुरंत बहाल की जाए और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

