जालंधर में प्रॉपर्टी विवाद ने पकड़ा तूल, राजन सिद्धू समेत कई लोगों पर FIR दर्ज
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 09:44 PM (IST)
जालंधर। शहर के मॉडल टाउन स्थित एक बेशकीमती प्रॉपर्टी को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले में पुलिस ने अमरप्रीत सिंह सिद्धू उर्फ राजन सिद्धू, राजीव ग्रेवाल समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कपूर अस्पताल के संचालक डॉ. जशनीव कपूर और राजन सिद्धू के बीच लंबे समय से इस प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। बीते दिन डॉ. कपूर ने संबंधित इमारत का कब्जा ले लिया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई भी हुई थी, जिसका वीडियो भी चर्चा का विषय बना।
इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. जशनीव कपूर ने दावा किया कि उन्होंने वर्ष 2022 में यह प्रॉपर्टी राजन सिद्धू से विधिवत खरीदी थी और इसकी रजिस्ट्री भी उनके नाम करवाई गई थी। डॉ. कपूर का कहना है कि प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के समय राजन सिद्धू ने पूरी राशि प्राप्त कर ली थी, लेकिन अब जब इमारत बनकर तैयार हो गई है तो वह यह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने यह संपत्ति बेची नहीं थी, बल्कि ब्याज पर पैसे लिए थे। डॉ. कपूर ने आरोप लगाया कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में राजन सिद्धू, उनकी बहन और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

