जालंधर में उमस भरी चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल, आने वाले दिनों में मौसम बदलने के आसार

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 10:50 AM (IST)

जालंधर (पुनीत): महानगर में अधिकतम तापमान सामान्य श्रेणी में रहने के बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी ने परेशान किए रखा। मौसम विभाग के अनुसार जालंधर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सैल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। तापमान सामान्य रहने के बावजूद वातावरण में मौजूद नमी के कारण उमस का स्तर बढ़ गया, जिससे लोगों को दिनभर चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा।

सुबह से ही शहर में बादलों और सूरज के बीच आंख-मिचौली का दौर चलता रहा। कभी बादल छाने से लोगों को राहत की उम्मीद बंधती रही तो कभी तेज धूप निकलने से गर्मी का असर बढ़ गया। मौसम में नमी अधिक होने के कारण पसीना जल्दी सूख नहीं पाया, जिससे लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक असहजता महसूस हुई। बाजारों, बस स्टैंडों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को गर्मी से बचने के लिए ठंडे पेय पदार्थों और छायादार स्थानों का सहारा लेना पड़ा।

दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को उमस के कारण अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। कई क्षेत्रों में लोगों ने बताया कि तापमान भले ही अधिक नहीं था, लेकिन हवा में नमी होने से गर्मी का प्रभाव कहीं ज्यादा महसूस हो रहा था।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बारिश होती है तो तापमान में गिरावट आने के साथ उमस से भी राहत मिल सकती है। शहरवासियों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News