Jalandhar में तेज रफ्तार का कहर: दो कारों की जोरदार टक्कर, उड़े परखच्चे

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 12:22 PM (IST)

जालंधर(सोनू): शहर के श्री गुरु रविदास चौक के पास सोमवार को इनोवा और स्कोडा कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में इनोवा सवार 2 लोगों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय स्कोडा कार का चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था और गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि टक्कर के बाद जब चालक कार से बाहर निकला तो वह अपना संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके नशे में होने की आशंका और गहरा गई।

मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि वह मैब्रो चौक से श्री गुरु रविदास चौक की ओर जा रहा था। इस मार्ग पर प्रशासन ने यू-टर्न और लेन बदलने के लिए एक बड़ा कट बनाया हुआ है, लेकिन वहां दिशा-निर्देश या सूचना बोर्ड नहीं लगे हैं। ऐसे में बाहरी वाहन चालकों को सही लेन का अंदाजा लगाने में परेशानी होती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पास स्थित पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News