जालंधर में फैक्टरी में चोरी, एक ही रात मेें लाखों का माल ले उड़े चोर

punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 10:54 PM (IST)

जालंधर: महानगर के होशियारपुर रोड स्थित पृथ्वी नगर में एक पाइप फिटिंग फैक्टरी को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना गत रात की बताई जा रही है। चोर फैक्टरी से स्टेनलेस स्टील के वाल्व चोरी कर रेहड़े पर लादकर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

फैक्टरी मालिक ओंकार बांसल ने बताया कि चोरों ने देर रात फैक्टरी में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब फैक्टरी खोली गई तो सामान गायब मिला, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, चोर स्टेनलेस स्टील के वाल्व, जिनका इस्तेमाल पाइप फिटिंग में किया जाता है, चोरी कर ले गए। फैक्टरी मालिक के मुताबिक चोरी से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन शुरुआती अनुमान के अनुसार करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो संदिग्ध चोर रेहड़े के साथ फैक्टरी के पास पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों चोरी का सामान रेहड़े पर लादकर मौके से फरार होते नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News