जालंधर में पंजाब पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने DA और एरियर को लेकर उठाई आवाज
punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 05:35 PM (IST)
जालंधर (जसप्रीत): आज पंजाब पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, जालंधर सिटी के अध्यक्ष चरण सिंह बाठ, उपाध्यक्ष रणजीत कुमार, हरपाल सिंह, शेर सिंह बाजवा सहित एसोसिएशन के कई पेंशनर्स देश भगत यादगार हॉल, जालंधर में एकत्रित हुए। इस दौरान पंजाब के कर्मचारियों और पेंशनर्स के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
सभी संगठनों ने संयुक्त बयान जारी करते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ के फैसले के अनुरूप पंजाब सरकार से मांग की कि पेंशनर्स का 18 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) तथा बकाया एरियर का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए। साथ ही 2.59 के गुणांक (फैक्टर) के अनुसार लाभ दिया जाए, ताकि पेंशनर्स को आर्थिक राहत मिल सके। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) भी बहाल की जाए।
एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि पेंशनर्स की लंबे समय से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने पंजाब सरकार से इस संबंध में सकारात्मक कदम उठाने और पेंशनर्स व कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने की अपील की।

