जालंधर : ''LADC सिस्टम मंजूर नहीं''—वकीलों का ऐलान, बार एसोसिएशन की भूख हड़ताल 6वें दिन भी जारी
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 11:49 AM (IST)
जालंधर : एल.ए.डी.सी. (लीगल एड डिफैंस काऊंसिल) नीति के विरोध में पंजाब भर के अधिवक्ताओं का आंदोलन निर्णायक दौर में पहुंच गया है। एल.ए.डी.सी. सिस्टम के विरोध में जिला बार एसोसिएशन, जालंधर का क्रमिक भूख हड़ताल आंदोलन मंगलवार को 6वें दिन भी जारी रहा। पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ की ज्वाइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर चल रहे इस आंदोलन में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर एल.ए.डी.सी. प्रणाली को वकालत पेशे की स्वतंत्रता, गरिमा और भविष्य के लिए घातक बताते हुए इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार न करने का ऐलान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे और सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिला बार एसोसिएशन के सचिव ने कहा कि ज्वाइंट एक्शन कमेटी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह आंदोलन अब पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों की बार एसोसिएशन भी इससे जुड़ रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार वकील समुदाय की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक यह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन पूरे देश में और अधिक मजबूती के साथ जारी रहेगा। बता दें कि जिला बार एसोसिएशन ने 7 जुलाई से क्रमिक हड़ताल शुरू की हुई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

