जालंधर डबल मर्डर का असली कारण आया सामने, सोशल मीडिया की एक पोस्ट बनी घटना की वजह
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 06:01 PM (IST)
जालंधर: दशमेश नगर में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस दोहरे हत्याकांड की जड़ सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक मारपीट की वीडियो और उसे लेकर चला विवाद था।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में आरोपी गुल्लु कुछ युवकों के साथ सिमरनजीत नाम के युवक की पिटाई करता दिखाई दे रहा था। आरोप है कि गुल्लु लगातार इस वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने का दबाव बना रहा था। हालांकि, वीडियो हटाने से इनकार किए जाने के बाद उसके भीतर गुस्सा बढ़ता गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि यह वीडियो जेल में बंद गैंगस्टर लक्की लाहौरिया तक भी पहुंच गया था। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर ने इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कर दिया। इसके बाद सिमरन ने भी वही वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी, जिससे आरोपी गुल्लु और अधिक भड़क गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुल्लु को यह भी शक था कि वीडियो वायरल करवाने के पीछे सौरव का भी हाथ है। इसी रंजिश के चलते वह लगातार दोनों पर वीडियो हटाने का दबाव बना रहा था, लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तो उसने बदला लेने की ठान ली।
13 जून को मारी गोलियां
पुलिस जांच के अनुसार, इसी विवाद के चलते 13 जून को गुल्लु ने सौरव और उसके साथी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला हत्या कर दी। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, पुरानी रंजिश और गैंगस्टर कनेक्शन समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल जारी है।


