कनाडा में पंजाबियों के लिए बड़ी सुविधा, अब सरी में कर सकेंगे अस्थि विसर्जन

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 12:07 PM (IST)

सरी: कनाडा में रहने वाले पंजाबियों और अन्य भारतीय परिवारों के लिए सरी प्रशासन ने एक ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब दिवंगत परिजनों की अस्थियां विसर्जित करने के लिए परिवारों को भारत आने की जरूरत नहीं होगी। सरी पब्लिक वार्फ पर फ्रेजर नदी के किनारे अस्थि विसर्जन के लिए एक आधिकारिक स्थल तैयार किया गया है इस स्थल पर परिवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत नदी के पानी में अस्थियां प्रवाहित कर सकेंगे। सरी सिटी के मुताबिक यह व्यवस्था धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। एक समय में केवल एक परिवार को समारोह की अनुमति होगी और सिटी का स्टाफ भी मौके पर मौजूद रहेगा।

ऑनलाइन बुकिंग जरूरी, 237 डॉलर फीस

अस्थि विसर्जन के लिए पहले से ऑनलाइन बुकिंग करवानी होगी। सिटी प्रशासन ने एक समारोह के लिए 237 कनाडाई डॉलर की फीस निर्धारित की है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 14,500 रुपए बैठती है। इस शुल्क में बुकिंग प्रबंधन, स्थल की तैयारी और सिटी स्टाफ की निगरानी जैसी सेवाएं शामिल हैं। सिटी के अनुसार 21 सितंबर से बुकिंग रिक्वेस्ट स्वीकार की जाएंगी। परिवार को निर्धारित समय पर स्थल पर पहुंचना होगा और वहां मौजूद स्टाफ के निर्देशों का पालन करना होगा।

नदी में सिर्फ अस्थियां प्रवाहित करने की अनुमति

पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सरी प्रशासन ने कुछ नियम भी बनाए हैं। निर्धारित स्थल पर नदी के पानी में केवल अस्थियां प्रवाहित करने की अनुमति होगी। पूजा या अन्य सामग्री को नदी में डालने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा मौसम, ज्वार और नदी में पानी की स्थिति को देखते हुए सिटी प्रशासन किसी समारोह को रद्द भी कर सकता है।

2.5 मिलियन डॉलर की लागत से तैयार हुआ प्रोजेक्ट

सरी पब्लिक वार्फ पर तैयार की गई इस परियोजना पर करीब 2.5 मिलियन कनाडाई डॉलर खर्च किए गए हैं। यह व्यवस्था फिलहाल एक साल के पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की गई है। इस दौरान परिवारों और समुदाय से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर भविष्य में इसमें और सुधार किए जा सकते हैं।

2024 में शुरू हुई थी उपयुक्त जगह की तलाश

सरी सिटी के मुताबिक फ्रेजर नदी के किनारे अस्थि विसर्जन के लिए उपयुक्त स्थान तलाशने की प्रक्रिया 2024 में शुरू हुई थी। सिटी काउंसिल के निर्देश के बाद तकनीकी समीक्षा, समुदाय से बातचीत और पर्यावरण संबंधी आकलन किया गया। इसके बाद सरी पब्लिक वार्फ को इस सुविधा के लिए चुना गया।

मेयर ने बताया संवेदनशील पहल

सरी की मेयर ब्रेंडा लोक ने कहा कि बहते पानी में अस्थियां प्रवाहित करना कई परिवारों के लिए धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यक्तिगत रूप से महत्वपूर्ण परंपरा है। उनके अनुसार, नई सुविधा परिवारों को अपने दिवंगत परिजनों को सम्मानजनक तरीके से अंतिम विदाई देने के लिए एक सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News