पंजाब में 22 सितंबर से सरकारी बसों का चक्का जाम, यात्रियों को हो सकती है परेशानी
punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 04:20 PM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वाले लोगों के लिए अहम खबर है। दरअसल, 22 सितंबर से पूरे पंजाब में पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी की सरकारी बसों का चक्का जाम किया जाएगा। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब की ओर से इस संबंध में आज चंडीगढ़ में बैठक की गई।
यूनियन नेताओं ने बैठक के दौरान ऐलान किया कि अगर कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 22 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी और सरकारी बसों का पूर्ण चक्का जाम रहेगा। इस मौके पर यूनियन के प्रधान रेशम सिंह गिल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं कर रही है। इसी के विरोध में 22 सितंबर से सरकारी बसों का पूर्ण चक्का जाम करने का फैसला लिया गया है।
सरकारी बसों की हड़ताल के कारण राज्य के लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा सरकारी बसों में मुफ्त सफर करने वाली महिलाओं को भी परेशानी हो सकती है।

