रेल रोको आंदोलन: रेल ट्रैक जाम से पंजाब में हाहाकार, शताब्दी समेत रुकी कई ट्रेनें, जालंधर में हजारों यात्री फंसे
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 07:38 PM (IST)
पंजाब डेस्क : पंजाब में एक बार फिर ट्रेनों के पहिए थम गए हैं। दरअसल, किसान मजदूर मोर्चा के 'रेल रोको' आंदोलन के कारण रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। इस दौरान लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार अमृतसर के देवीदासपुरा, ब्यास और फिरोजपुर के मलावाला में रेलवे ट्रैक पर किसानों के धरने के चलते शताब्दी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को बीच रास्ते ही रोक दी गई।
इसके चलते हजारों की संख्या में यात्री अलग-अलग स्टेशनों पर फंसे हुए हैं। वहीं जालंधर की बात करें सिटी रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की काफी भीड़ देखने को मिल रही है। जानकारी के मुताबिक, आईजी बॉर्डर रेंज और अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर की किसान मजदूर मोर्चा के वरिष्ठ नेता सरवन सिंह पंधेर और अन्य किसान प्रतिनिधियों की मीटिंग सम्पन्न हो गई है। इस मीटिंग की अधिकारिक जानकारी सरवन पंधेर मीडिया से बाद में साझा करेंगे।
अचानक शुरू हुए किसान आंदोलन के चलते रेलवे स्टेशनों पर आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानीपत से ब्यास जा रहे यात्री ने बताया कि उनकी ट्रेन को जालंधर स्टेशन पर अचानक रोक दिया गया। इस दौरान यात्रियों को सिर्फ इतना बताया गया कि आगे किसान आंदोलन के कारण ट्रेन नहीं जा सकेगी। वहीं इस दौरान रेलवे प्रशासन फंसे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक बसों की व्यवस्था करने का प्रयास कर रहा है।
रिजर्वेशन के बावजूद थम गई यात्रा
जालंधर स्टेशन पर फंसे यात्री ने बताया कि वह परिवार के 6-7 सदस्यों और छोटे बच्चों के साथ अमृतसर जा रहे थे। ट्रेन में रिजर्वेशन होने के बावजूद अचानक सेवा रोक दी गई। वहीं स्टेशन पर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। इस दौरान यात्रियों को छोटे बच्चों के साथ वैकल्पिक साधन तलाशने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

