Bathinda में गैंगवार की बड़ी साजिश नाकाम, शहर का कुख्यात गैंगस्टर था Target पर
punjabkesari.in Tuesday, Jan 06, 2026 - 08:54 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): बठिंडा में संभावित गैंगवार की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए थाना थर्मल पुलिस ने तीन गैंगस्टरों को चार विदेशी पिस्टल और 26 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर की वरना कार भी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ गिल पत्ती, गुरविंदर सिंह निवासी कोटशामीर और गगनदीप सिंह निवासी भोखड़ा, जिला बठिंडा के रूप में की है। तीनों के खिलाफ थाना थर्मल में अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थाना थर्मल के एसएचओ गुदर्शन सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पार्टी बीते दिन ट्रांसपोर्ट नगर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की वरना कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार तीनों युवकों से चार विदेशी पिस्टल और 26 जिंदा कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि कार के संबंध में जांच की जा रही है कि वह कहां से लाई गई और किसके नाम पर है।

गैंगवार की साजिश, जिले का गैंगस्टर था निशाने पर
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे बठिंडा में गैंगवार की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और उनके निशाने पर जिले का एक कुख्यात गैंगस्टर था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, हथियारों की सप्लाई लाइन और उनके संपर्कों की गहन जांच कर रही है। इस कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

