Bathinda में शराब के ठेके के बाहर मिला श/व, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 04:57 PM (IST)

बठिंडा(विजय वर्मा): जिले के गांव बाजक में उस समय सनसनी फैल गई, जब शराब के ठेके पर काम करने वाले एक कर्मचारी का शव ठेके के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उस पर तेजधार या किसी भारी हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई हो सकती है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान नैब सिंह पुत्र करतार सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग 10 से 11 वर्षों से शराब के ठेके पर कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार नैब सिंह रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी निभा रहा था, लेकिन देर रात उसका खून से लथपथ शव ठेके के बाहर मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। डी.एस.पी. ने बताया कि थाना नंदगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बाजक स्थित शराब के ठेके के बाहर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस को दिए गए बयानों में ठेकेदार ने बताया कि नैब सिंह ने शाम करीब 8 बजे ठेके की नकदी एकत्र की थी। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। ठेकेदार का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने उस पर हमला कर उसकी हत्या की है। इसी कारण पुलिस लूटपाट और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक विशेषज्ञ और जांच टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील कर साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा नजदीकी सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

डी.एस.पी. ने कहा कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद गांव बाजक और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News