बठिंडा में बड़ी वारदात, पड़ोसियों ने पीट-पीटकर मार डाला युवक
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 07:18 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): बठिंडा में एक बड़ी वारदात सामने आई है। तलवंडी साबो के गांव भागीवांदर में बुधवार देर रात एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े में 26 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में आक्रोश व्याप्त है।
मृतक की पहचान हरजीत सिंह (26) पुत्र बिल्लू सिंह के रूप में हुई है, जो दलित समुदाय से संबंधित था। जानकारी के अनुसार, हरजीत का अपने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों के साथ किसी छोटी सी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने लोहे की रॉड व अन्य हथियारों से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हरजीत को तुरंत सिविल अस्पताल तलवंडी साबो पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने 2 सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करते हुए कहा कि मामूली विवाद को लेकर उनके बेटे की जान ले ली गई, जो बेहद निंदनीय है। परिवार ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।
इस संबंध में डीएसपी तलवंडी साबो जसजोत सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

