जालंधर वालों की फिर बढ़ेगी मुसीबत? सरफेस वाटर प्रोजेक्ट को लेकर खड़ी हुई नई चुनौती

punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 11:49 AM (IST)

जालंधर (खुराना): जालंधर में चल रहे सरफेस वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट की प्रगति को लेकर नगर निगम कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने आज अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ समीक्षा की। कमिश्नर ने आदमपुर में निर्माणाधीन 275 एमएलडी वाटर ट्रीटमैंट प्लांट का दौरा कर काम की स्थिति का जायजा लिया और एग्जीक्यूटिंग एजेंसी को 31 दिसम्बर 2026 तक प्रोजेक्ट पूरा करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड को प्रोजेक्ट की एग्जीक्यूशन के दौरान सामने आ रहे इंटर-डिपार्टमेंटल मुद्दों को संबंधित विभागों के साथ बैठक कर जल्द दूर करने को कहा। बैठक में रेलवे विभाग, पंजाब स्टेट पावर विभाग, वाटर रिसोर्सेज विभाग के अधिकारियों के अलावा संबंधित एग्जीक्यूटिंग एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी विभागों को आपसी तालमेल से प्रोजैक्ट का काम तेजी से पूरा करने की हिदायत दी गई।

गौरतलब है कि सरफेस वाटर प्रोजेक्ट को पूरा करने की डेडलाइन पहले भी कई बार बढ़ाई जा चुकी है। इसके बावजूद अभी कई किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का काम बाकी बताया जा रहा है। प्रोजेक्ट के लिए शहर की सड़कों की खुदाई के कारण पहले ही लोगों को लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 31 दिसम्बर की डेडलाइन तक बाकी काम पूरा करने के लिए क्या नई सड़कों को दोबारा खोदने की अनुमति मिलेगी। यदि नई सड़कों की खुदाई से लोगों को परेशानी बढ़ती है तो संबंधित विभागों के सामने एक और चुनौती खड़ी होगी। विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण नई बनी सड़कों को खोदने और लोगों को फिर से परेशानी में डालने का मुद्दा भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि बाकी पाइपलाइन का काम तेजी से पूरा करने के लिए नई सड़कों की खुदाई की अनुमति मिलती है या प्रोजेक्ट की डेडलाइन एक बार फिर आगे बढ़ती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News