फिल्लौर में भीषण सड़क हादसा, ओवरटेक करते समय भिड़ीं 2 गाड़ियां, बीच सड़क पलटी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 05:25 PM (IST)
जालंधर: जालंधर के फिल्लौर में भीषण सड़क हादसा होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे-44 पर ओवरटेक के दौरान बोलेरो पिकअप और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों गाड़ियां डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में जा पलटीं। हादसे में कार सवार दो लोगों में से एक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जालंधर रेफर कर दिया गया।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बोलेरो पिकअप पलटकर चारों पहियों के बल ऊपर हो गई। टक्कर से डिवाइडर पर लगे पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंचा और सड़क पर कांच व वाहनों के पुर्जे बिखर गए।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो पिकअप चालक कमल जालंधर से सामान लेकर लखनऊ जा रहा था। चालक के मुताबिक, कार सवार पिछले एक-दो किलोमीटर से लगातार कट मार रहे थे। आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान कार अचानक पिकअप के सामने आ गई। इसी दौरान कार पिकअप से टकरा गई और दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम और ड्यूटी अफसर जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने घायल को फिल्लौर के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जालंधर रेफर कर दिया गया। फिलहाल हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है।

