Jalandhar में सड़क निर्माण पर संकट, 20 KM सड़कें अधूरी...करना होगा और इंतजार!
punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 11:59 AM (IST)
जालंधर: शहर में सड़कों के निर्माण कार्य पर मौसम और कच्चे माल की कमी का असर दिखाई देने लगा है। नगर निगम ने ओवरब्रिज और मुख्य सड़कों का निर्माण तो पूरा कर लिया है, लेकिन 4 विधानसभा क्षेत्रों की कॉलोनियों को जोड़ने वाली करीब 20 किलोमीटर सड़कें अब भी अधूरी पड़ी हैं। कई इलाकों में सड़कें खोदकर गिट्टी और पत्थर डाल दिए गए हैं, लेकिन लुक (बिटुमन) की परत बिछाने का काम रुका हुआ है।
रात का तापमान करीब 18 डिग्री और दिन का तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया है। इंजीनियरों के अनुसार, दिन का तापमान 25 डिग्री से नीचे जाने पर लुक और बजरी से सड़क निर्माण करना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में निगम के पास लंबित सड़कों का काम पूरा करने के लिए 15 नवंबर तक करीब 20 से 25 दिन का समय बचा है। चुनावी सीजन में अगर ये सड़के 15 नवंबर तक नहीं बन पाईं, तो शहरवासियों को अगले साल गर्मियों तक धूल, कीचड़ और टूटी सड़कों की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। इसका असर खासकर उन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों पर पड़ेगा, जहां सड़कें उखाड़ने के बाद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
लुक की किल्लत से ठेकेदार परेशान
हॉट मिक्स प्लांट एसोसिएशन के प्रधान बलवंत सिंह ने कहा कि ईरान युद्ध के बाद लुक की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इस समय दाम आसमान को छू रहे हैं। रामा रिफाइनरी में एडवांस पैसे जमा कराने के बावजूद 10-10 दिन तक लुक उपलब्ध नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि काम पूरा करने के लिए केवल 20 से 25 दिन का समय बचा है। हिमाचल सरकार ने प्रोजेक्टों की लागत बढ़ा दी है, जिस से ठेकेदारों को काफी राहत मिली है। पंजाब सरकार को भी हिमाचल सरकार की तरह प्रोजेक्टों की लागत बढ़ानी चाहिए।
लंबित सड़कों का काम प्राथमिकता पर होगा पूरा
जालंधर के सीनियर डिप्टी मेयर बलवीर सिंह बिट्टू ने कहा कि नगर निगम प्राथमिकता के आधार पर सड़कों का निर्माण करवा रहा है। शहर की सभी मुख्य सड़कें बनाई जा चुकी हैं और जो काम अभी लंबित हैं, उन्हें भी जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन कॉलोनियों में इंटरलॉकिंग टाइलों और कंक्रीट से सड़कें बनाई जानी हैं, वहां मौसम का विशेष असर नहीं पड़ेगा। निगम का प्रयास है कि अधूरे पड़े विकास कार्यों को जल्द पूरा कर लोगों को राहत दी जाए।
मुख्य सड़के जिनका काम पूरी तरह ठप
- पारस एस्सेट
- अूप नगर
- रत्न नगर
- बौद्ध विहार रोड मकसूदां
- फ्रेंड्स कॉलोनी
- जनता नगर
- जनक नगर
- नवज्योति कॉलोनी
सड़क निर्माण बंद होने के 3 बड़े कारण
- ठेकेदारों के मुताबिक, कुछ समय पहले 5,000 रुपये प्रति टन मिलने वाली लुक की कीमत बढ़कर 95,000 रुपये प्रति टन तक पहुंच गई है।
- मार्च में अमेरिका-ईरान तनाव के बाद पेट्रोलियम आधारित लुक का आयात प्रभावित हुआ, जबकि चुनावी सीजन में इसकी मांग दोगुनी हो गई।
- पंजाब में क्रशर बंद होने से गिट्टी-पत्थर की कमी हो गई है। वहीं, ठेकेदारों के करीब 800 करोड़ रुपये के सरकारी भुगतान भी लंबित बताए जा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

