खड्ड के पानी से युवक का संदिग्ध हालत में मिला शव, कार्रवाई कर रही पुलिस
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 04:31 PM (IST)
श्री कीरतपुर साहिब (बाली): दोपहर बाद गांव नक्कियां से गांव दोलोवाल अपर जाने वाली लिंक सड़क के पास गांव दोलोवाल लोअर की खड्ड के पानी से एक युवक का संदिग्ध हालत में शव थाना श्री कीरतपुर साहिब की पुलिस द्वारा बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाल कर सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब के मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में गांव दोलोवाल लोअर के सरपंच एडवोकेट बिक्रम ठाकुर ने थाना श्री कीरतपुर साहिब की पुलिस और स्थानीय पत्रकारों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांव का एक व्यक्ति जब अपनी भैंसें खड्ड में चरा रहा था, तो उसने पानी में मुंह के बल पड़ा शव देखा और डरकर घर भाग गया तथा गांव के लोगों को सूचित किया। उन्होंने बताया कि शव का मुंह पानी की ओर होने के कारण पहले यह भ्रम बना रहा कि यह किसी महिला का शव हो सकता है। शव के पास एक लावारिस हालत में मोटरसाइकिल नंबर पीबी 16 जी 3257 भी खड़ी थी।

सूचना मिलने पर थाना श्री कीरतपुर साहिब के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर राहुल शर्मा पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद रूपनगर से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। इस दौरान श्री आनंदपुर साहिब के डीएसपी जशनदीप सिंह मान भी मौके पर पहुंचे।
फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, विभिन्न स्थानों की तस्वीरें लीं और मोटरसाइकिल की भी जांच की। जब स्थानीय युवकों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया, तो पता चला कि यह किसी महिला का नहीं बल्कि एक युवक का शव है। मृतक की पहचान दिलशेर सिंह उर्फ शैरी पुत्र बलदेव सिंह, निवासी गांव दबूड़ लोअर के रूप में हुई है।
मृतक के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उसकी माता हरभजन कौर एक सेवानिवृत्त अध्यापिका हैं। युवक का विवाह गांव भरतगढ़ में हुआ था और उसकी दो बेटियां हैं। उसकी पत्नी श्री आनंदपुर साहिब में प्राइवेट नौकरी करती है। पुलिस को युवक की जेब से एक बटन वाला फोन और एक स्मार्टफोन मिला है। इसके अलावा मौके से बीड़ियों का बंडल, जर्दे की पुड़िया, एक लाइटर और एक सिरिंज भी बरामद हुई है, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

