पंजाब सरकार के खिलाफ बिजली कर्मियों का महाप्रदर्शन, मंत्री आवास का किया घेराव

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 02:54 PM (IST)

लुधियाना  : पंजाब सरकार की नीतियों के विरोध में राज्य के बिजली कर्मचारियों ने आज लुधियाना में जोरदार मोर्चा खोला। पावर सेक्टर ज्वाइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर प्रदेश भर से करीब 4000 बिजली कर्मचारी, इंजीनियर और पेंशनर लुधियाना में एकत्र हुए। सभी प्रदर्शनकारी राज्य के बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास के बाहर रैली कर सरकार के खिलाफ अपना रोष जता रहे हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए लुधियाना पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारी करीब चार घंटे तक शहर में रोष मार्च निकालेंगे, जिससे कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

कर्मचारियों में क्यों है नाराजगी?

आंदोलन की रूपरेखा सराभा नगर स्थित सेंट्रल जोन के चीफ इंजीनियर कार्यालय में हुई बैठक में तय की गई। यूनियन नेताओं का आरोप है कि विभाग की कीमती जमीनों को बेचा जा रहा है, जिसे कर्मचारी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे।

बिजली संशोधन बिल पर विरोध

कर्मचारियों ने प्रस्तावित बिजली संशोधन बिल-2025 को लेकर भी सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उनका कहना है कि रोपड़ में 800-800 मेगावाट की दो नई यूनिट्स लगाने के काम में जानबूझकर देरी की जा रही है, जिससे विभाग और कर्मचारियों दोनों को नुकसान हो रहा है।

ज्वाइंट एक्शन कमेटी के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आज की रैली के जरिए बिजली कर्मी सरकार तक अपनी आवाज मजबूती से पहुंचाने का संदेश दे रहे हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News