पंजाब में चलती ट्रेन से गिरी लड़की, गंभीर रूप से जख्मी
punjabkesari.in Sunday, Jan 18, 2026 - 06:28 PM (IST)
बठिंडा (परमिंदर): शनिवार देर रात एक 15 वर्षीय लड़की अबोहर रेलवे लाइन पर उड़िया बस्ती के नजदीक चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर रूप से जख्मी होने के बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और कड़ाके की सर्दी में गिरते-पड़ते उड़िया कॉलोनी में स्थित एक झुग्गी तक पहुंच गई।
उड़िया कॉलोनी के निवासियों ने तुरंत उसकी मदद की और उसे कंबल आदि मुहैया करवाए। साथ ही लोगों ने नौजवान वेलफेयर सोसायटी को इसकी सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बाद में संस्था के सदस्यों ने घायल लड़की को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
संस्था के अध्यक्ष सोनू माहेश्वरी ने बताया कि लड़की के सिर पर गहरी चोट थी और वह झुग्गी के बाहर आकर बेहोश हो गई थी। उड़िया कॉलोनी के लोगों ने समय रहते उसे संभाल लिया। अगर उक्त लड़की रेलवे लाइनों के पास ही पड़ी रहती तो उसका बचना मुश्किल था। उसने साहस दिखाया और नजदीकी घरों तक पहुंची, जहां उसे मदद मिल सकी।
घायल युवती की पहचान किरन, निवासी सिरसा के रूप में हुई है। संस्था द्वारा सोशल मीडिया पर ट्रेन से गिरने की घटना को लेकर की गई पोस्ट वायरल होने के बाद उसके परिजनों ने संस्था से संपर्क किया। इसके बाद परिजन बठिंडा पहुंचे और लड़की को अपने साथ ले गए। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस लड़की के ट्रेन से गिरने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लड़की ने दसवीं कक्षा की परीक्षा दी थी, जिसमें वह सफल नहीं हो सकी थी, जिस कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

